logo

header-ad
header-ad
बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: 9 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कई घायल

बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: 9 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कई घायल

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले मे रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा में 9 की मौत हो गई, जबकि 43 से अधिक लोगो घायल बताए जा रहे है। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 34 पर अरनिया थाना क्षेत्र के घटाल गांव के पास हुआ, जब कासगंज से राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे गोगाजी भक्तों से भरे एक ट्रैक्टर-ट्राॅली को एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई और सड़क पर श्रद्धालु बिखर गए।

रिपोर्ट के मुताबिक हादसा 25 अगस्त की रात करीब 2:15 बजे हुआ। कासगंज जिले के सोरो थाना क्षेत्र के रफायदपुर गांव के लगभग 60 श्रद्धालु रविवार शाम 6 बजे के आसपास ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित गोगामेड़ी मंदिर में जाहरपीर (गोगाजी) के दर्शन के लिए निकले थे। बुलंदशहर के अरनिया थाना क्षेत्र में घटाल गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे रुकी हुई थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।

बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में 9 लोगों की मौत हुई, जिनमें एक बच्चा, दो महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान रघुवीर (60), हरिसिंह (60), प्रिंस (8), दिव्या (14), मुस्कान (6), जितेंद्र (18), पूरन सिंह (40), शकुंतला (65), और पातीराम (75) के रूप में हुई है। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। जिलाधिकारी (DM) श्रुति, SSP दिनेश कुमार सिंह, SP क्राइम शंकर प्रसाद, ADM प्रभात पांडे, SDM प्रतिक्षा पांडे, और CO पूर्णिमा सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया और सड़क को साफ किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

जिलाधिकारी श्रुति ने कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है, और मृतकों के परिजनों को आपातकालीन सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

प्राथमिक जांच के अनुसार, कंटेनर ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। SSP दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

Leave Your Comment