उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कैंट इलाके में शनिवार शाम एक भयानक सड़क हादसा हो गया। एक बेकाबू थार एसयूवी ने कमांड हॉस्पिटल के पास एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सवार आठ श्रद्धालुओं को रौंद दिया गया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना शनिवार शाम करीब 7:30 बजे लखनऊ कैंट के बनिया चौराहे के पास हुई। निगोहां क्षेत्र के आठ युवक खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए ई-रिक्शा से यात्रा कर रहे थे। अचानक तेज रफ्तार थार ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सवार सभी लोग सड़क पर बिखर गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के पुर्जे इधर-उधर उछल गए और घायल युवक सड़क पर तड़पते नजर आए।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को कॉल किया। तीन एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, थार चालक ने हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर फरार होने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। वाहन का नंबर ट्रेस किया जा रहा है।
सीएम योगी नें दिए निर्देश
पुलिस ने मृतकों के परिवारों को सरकारी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। जिला प्रशासन ने परिवारों से संपर्क कर राहत प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
परिवारों मे छाया शोक
मृतकों की पहचान निगोहां निवासी मोहित (23 वर्ष) और उमेश साहू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। मोहित की शादी को महज सात महीने ही हुए थे और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे, लेकिन किस्मत ने उनका साथ छोड़ दिया। घायलों में भूपेंद्र यादव, अंश यादव, प्रमोद यादव, अनुज यादव और सुमित यादव शामिल हैं। सभी निगोहां के रहने वाले हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों को सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।
परिवारजन अस्पताल पहुंचे तो उनकी आहें थम सी गईं। मोहित के भाई ने बताया, "भाई खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही प्रभु ने बुला लिया। हमारी भाभी का क्या होगा?" उमेश के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चालक पर लापरवाही का शक
लखनऊ पुलिस के थाना कैंट प्रभारी ने बताया कि हादसा वाहन की तेज रफ्तार और लापरवाही से हुआ। थार की स्पीड 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 304A (लापरवाही से मौत) और 279 (लापरवाह ड्राइविंग) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। एसपी सिटी ने कहा, "ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्ती बरती जाएगी। चालान और लाइसेंस चेकिंग अभियान तेज किया जाएगा।



