logo

BREAKING NEWS
प्रेमिका को वश में करने के चक्कर में श्मशान पहुंचा युवक, तांत्रिक के कहने पर उठाई राख

प्रेमिका को वश में करने के चक्कर में श्मशान पहुंचा युवक, तांत्रिक के कहने पर उठाई राख

हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में सामने आए एक अजीब मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने तांत्रिक अवधेश शर्मा, अमन और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक युवक अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को वश में करना चाहता था। इसके लिए वह तांत्रिक के संपर्क में आया और फिर श्मशान घाट से चिता की राख और हड्डियां लाने का सिलसिला शुरू हुआ। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रेमिका को पाने की थी सनक
पुलिस जांच में सामने आया कि अमन नाम का युवक एक लड़की को एकतरफा पसंद करता था। वह किसी भी हालत में लड़की और उसके परिवार को अपने नियंत्रण में करना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात तांत्रिक अवधेश शर्मा से हुई। आरोप है कि तांत्रिक ने युवक को सलाह दी कि अगर वह चिता से कुछ अवशेष लाएगा तो उसकी मनोकामना पूरी हो सकती है। इसके बाद आरोपी श्मशान घाट पहुंचे और वहां से राख और हड्डियां इकट्ठा कर ले गए।

अंतिम संस्कार के बाद पहुंचे आरोपी
जानकारी के मुताबिक मोहल्ला सोटावाली निवासी 16 वर्षीय शुभांशु लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। रविवार को गांव लोधीपुर के श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के जाने के कुछ देर बाद तीन लोग मोपेड से वहां पहुंचे और जलती चिता के पास छेड़छाड़ करने लगे। आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ तो आरोपी वहां से भाग निकले। बाद में पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। उत्तर प्रदेश पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान अमन ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस को आरोपियों के पास से 50 से ज्यादा महिलाओं और पुरुषों की तस्वीरें भी मिली हैं। इससे शक जताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी कई लोगों को इसी तरह के झांसे में फंसा चुके हैं।

पुलिस कर रही गहराई से जांच
देहात थाना प्रभारी नीरज कुमार के मुताबिक आरोपियों ने चिता से कुछ हड्डियां और राख इकट्ठा की थी। उन्होंने साफ किया कि शव पूरी तरह जल चुका था और सिर काटकर ले जाने जैसी बात सही नहीं है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि तांत्रिक और उसके साथी कितने समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस अब बरामद तस्वीरों और आरोपियों के संपर्कों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Leave Your Comment