logo

BREAKING NEWS
हंटावायरस के डर से बढ़ी निगरानी, विदेश से आने वालों पर खास नजर, पढ़ें लक्षण

हंटावायरस के डर से बढ़ी निगरानी, विदेश से आने वालों पर खास नजर, पढ़ें लक्षण

एमवी होडियंस क्रूज जहाज पर हंटावायरस आउटब्रेक के बाद दुनिया के कई देशों में चिंता बढ़ गई है। इस वायरस की वजह से कुछ मौतों की खबरों ने स्वास्थ्य एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। भारत ने भी एहतियात के तौर पर अपनी हाई लेवल बायोसर्विलांस प्रणाली सक्रिय कर दी है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि उस क्रूज जहाज पर भारतीय नागरिक भी मौजूद थे। स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि जहाज पर मौजूद दो भारतीय नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत नीदरलैंड्स भेजा गया है।

45 दिन तक निगरानी में रहेंगे भारतीय
जानकारी के मुताबिक दोनों भारतीय नागरिकों में फिलहाल वायरस के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। इसके बावजूद उन्हें 45 दिन तक निगरानी में रखा जाएगा ताकि संक्रमण फैलने का कोई खतरा न रहे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हंटावायरस संक्रमित चूहों के मल और मूत्र के संपर्क से इंसानों में फैलता है। आमतौर पर इसका इंसान से इंसान में संक्रमण नहीं होता लेकिन इसके कुछ स्ट्रेन वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा रहे हैं। खासतौर पर Andes strain को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कई देशों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

आईसीएमआर ने बढ़ाई निगरानी
भारत में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी आईसीएमआर ने पूरे देश में अपनी वायरस रिसर्च और डायग्नोटिक लैब्स को एक्टिव कर दिया है। देशभर में ऐसी लगभग 165 लैब मौजूद हैं जहां संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की जांच की जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि विदेश से आने वाले किसी यात्री में लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत जांच और निगरानी शुरू की जाएगी। इसका मकसद समय रहते संक्रमण की पहचान करना और वायरस को फैलने से रोकना है।

कैसे होगी वायरस की जांच
विशेषज्ञों के मुताबिक हंटावायरस की जांच भी कोरोना वायरस की तरह आरटी पीसीआर टेस्ट से की जाएगी। इस प्रक्रिया में मरीज के सैंपल से वायरल आरएनए निकाला जाता है। इसके बाद उसे डीएनए में बदलकर वायरस के जेनेटिक मटेरियल की पहचान की जाती है। मशीन रियल टाइम में वायरस की मौजूदगी पकड़ लेती है। स्वास्थ्य एजेंसियों ने सभी लैब्स को जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत जांच शुरू की जा सके।

क्या हैं वायरस के लक्षण
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार हंटावायरस के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल संक्रमण जैसे दिखाई दे सकते हैं। इसमें तेज बुखार, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, पेट दर्द, उल्टी और मतली जैसी समस्याएं शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि विदेश से आने वाले यात्रियों में अगर ऐसे लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत जांच कराना जरूरी होगा। फिलहाल भारत में इस वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है।

एयरपोर्ट पर बढ़ सकती है स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है। खासतौर पर विदेशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी बढ़ाई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग भी शुरू की जा सकती है। सरकार और स्वास्थ्य एजेंसियां लगातार अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।

Leave Your Comment