दिल्ली एयरपोर्ट से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मंगलवार को एयर इंडिया की एक फ्लाइट में अचानक आग लग गई। यह हादसा दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हुआ, जब विमान लैंडिंग के बाद रनवे पर था। इस घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित रहे, और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आपको बता दें यह घटना पिछले 24 घंटों में एयर इंडिया से जुड़ा दूसरा हादसा है। इससे पहले, 21 जुलाई 2025 को, कोच्चि से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2744 भारी बारिश के बीच लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गई थी। यह विमान, एक एयरबस A320 (VT-TYA), रनवे 27 पर उतरने के बाद 16-17 मीटर तक फिसलकर एक गैर-डामरीकृत क्षेत्र में चला गया और फिर टैक्सीवे पर रुक गया। इस घटना में भी सभी यात्री और क्रू सुरक्षित रहे, लेकिन रनवे को मामूली नुकसान पहुंचा, जिसके कारण मुंबई हवाई अड्डे ने अपने प्राथमिक रनवे को बंद कर रनवे 14/32 को चालू किया।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, "22 जुलाई 2025 को हांगकांग से दिल्ली आ रही हमारी फ्लाइट में लैंडिंग के बाद सहायक विद्युत इकाई में आग लग गई। सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं, और विमान को जांच के लिए रोक दिया गया है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने इस घटना की जांच के लिए (DGCA) के साथ सहयोग करने की बात कही है।
ये दोनों घटनाएं एयर इंडिया के लिए एक मुश्किल समय में हुई हैं, जब एयरलाइन हाल ही में 12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए एक बड़े हादसे के बाद जांच के दायरे में है। उस हादसे में, लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, टेकऑफ के 32 सेकंड बाद ही बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 242 यात्रियों और क्रू मेंबर में से केवल एक यात्री बचा था, और जमीन पर 19 लोगों की मौत हो गई थी।
दिल्ली और मुंबई की हाल की घटनाओं के बाद (DGCA) ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। मुंबई हादसे में, DGCA की एक टीम पहले ही हवाई अड्डे पर पहुंच चुकी है, और दिल्ली की घटना की भी गहन जांच की जा रही है। इसके अलावा, अहमदाबाद हादसे के बाद DGCA ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े के लिए अतिरिक्त तकनीकी निरीक्षण और ईंधन प्रणाली की जांच के आदेश दिए थे। पिछले 24 घंटों में एयर इंडिया से जुड़े ये दो हादसे भारतीय विमानन उद्योग के लिए चिंता का विषय बन गए हैं।



