जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, इस हादसे मे CRPF के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा उस समय हुआ जब CRPF की 187वीं बटालियन की एक गाड़ी, जिसमें 23 जवान सवार थे, कदवा-बसंतगढ़ रोड पर फिसलकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दुखद घटना ने न केवल उनके परिवारों, बल्कि पूरे देश को झकझोर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा सुबह 10 से 11 बजे के बीच कदवा क्षेत्र में हुआ। गाड़ी बसंतगढ़ से एक ऑपरेशन के बाद लौट रही थी। पहाड़ी इलाके में सड़क पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और यह नाले में जा गिरी। हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और जवान ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 3 हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। उधमपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) संदीप भट्ट ने बताया कि पुलिस टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल पांच जवानों को उपचार के लिए विशेष अस्पतालों में भेजा गया है। सेना के हेलीकॉप्टरों को भी बचाव कार्य में लगाया गया, ताकि गंभीर रूप से घायल जवानों को जल्द से जल्द उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
नेताओं ने जताया शोक
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, "कदवा-बसंतगढ़ क्षेत्र में CRPF की गाड़ी के हादसे की खबर सुनकर व्यथित हूं। गाड़ी में CRPF के कई बहादुर जवान सवार थे। मैंने डिप्टी कमिश्नर सलोनी राय से बात की है, जो स्थिति पर नजर रख रही हैं। बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं, और स्थानीय लोग भी स्वेच्छा से सहायता कर रहे हैं।"
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक बयान में कहा, "उधमपुर के पास हादसे में CRPF के जवानों की मौत से दुखी हूं। मैं शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
आपको बता दें यह हादसा भारत में सड़क सुरक्षा और पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाता है। भारत में सड़क हादसों में हर साल लाखों लोग घायल होते हैं और हजारों की मौत होती है। इस हादसे के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इस हादसे ने न की परिजानों को बल्कि पूरे देश को हिला कर रख दिया है , इस घटना के बाद सड़क और सुरक्षा पर कई सवाल उठ रहे है हालांकि 3 जावानों के शव पुलिस ने कब्जे मे लेकर पोसमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस आगे की कार्यवाही के लिए सक्त कदम उठाने को तैयार है।



