चारधाम यात्रा को लेकर इस साल श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक लाखों श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। आंकड़ों के मुताबिक करीब 5 लाख से ज्यादा लोगों ने यात्रा के लिए पंजीकरण कर लिया है। इससे साफ है कि इस साल भी बड़ी संख्या में भक्त चारधाम के दर्शन के लिए पहुंचने वाले हैं।
कब से शुरू होगी चारधाम यात्रा
उत्तराखंड प्रशासन के अनुसार वर्ष 2026 में चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी। यह दिन अक्षय तृतीया का है, जिसे धार्मिक दृष्टि से बहुत शुभ माना जाता है। इसी दिन से गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे और यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। इसके बाद आने वाले दिनों में अन्य धामों के कपाट भी खोले जाएंगे।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पहले ही शुरू
चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू कर दी गई है। श्रद्धालु अब आधिकारिक पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले वेबसाइट या एप पर जाकर मोबाइल नंबर से अकाउंट बनाना होता है। इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर फॉर्म जमा करना होता है और रजिस्ट्रेशन स्लिप डाउनलोड करनी होती है।
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा
जो लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाते हैं, उनके लिए ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी रखी गई है। प्रशासन के अनुसार ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से शुरू होगा। इसके लिए हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून में विशेष केंद्र बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु जाकर पंजीकरण करा सकेंगे।
चारों धाम के कपाट कब खुलेंगे
चारधाम यात्रा के दौरान अलग-अलग तिथियों पर मंदिरों के कपाट खोले जाएंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट 19 अप्रैल को खुलेंगे। इसके बाद केदारनाथ मंदिर 22 अप्रैल को और बद्रीनाथ मंदिर 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। इन तिथियों के साथ ही यात्रा पूरी तरह शुरू हो जाएगी।
रजिस्ट्रेशन फीस और हेलीकॉप्टर सुविधा
चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन बिल्कुल मुफ्त रखा गया है। यानी श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि अगर कोई श्रद्धालु केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा लेना चाहता है, तो उसका किराया अलग से देना होगा। जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर का किराया एक तरफ का करीब 6,000 से 9,000 रुपये तक हो सकता है। इसलिए यात्रा पर जाने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लेना बेहतर माना जाता है।
