logo

header-ad
header-ad
दिल्ली के 3 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

दिल्ली के 3 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

दिल्ली के द्वारका स्थित 3 स्कूलों को 18 अगस्त सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसमे दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) द्वारका, सेक्टर-4 स्थित मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल, और सेक्टर-10 स्थित श्री राम वर्ल्ड स्कूल शामिल है, बता दें बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल और कॉल प्राप्त हुए। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह 7:34 बजे इसकी सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। धमकी मिलने के बाद स्कूलों में अफरा-तफरी मच गई, और प्रशासन ने तुरंत स्कूल परिसरों को खाली कराया।

धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्कूलों में बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डीपीएस द्वारका ने अभिभावकों के लिए एक नोटिस जारी कर बताया कि अनिवार्य परिस्थितियों के कारण स्कूल बंद रहेगा, और स्कूल बसों व निजी वाहनों से आने वाले बच्चों को वापस भेजा जा रहा है। इसके अलावा, स्कूल में होने वाली सभी परीक्षाएं, गतिविधियां, और कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए, जिनकी नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि धमकियां अलग-अलग ईमेल पतों से भेजी गई थीं। बम निरोधक दस्तों ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली, लेकिन सुबह 8:15 बजे तक की जांच में किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट धमकी भरे ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

पहले भी मिल चुकी धमकियां

यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को बम की धमकियां मिली हैं। हाल के महीनों में दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को बार-बार ऐसी धमकियां मिली हैं, जिनमें ज्यादातर झूठी साबित हुई हैं। उदाहरण के लिए, जुलाई 2025 में 45 से अधिक स्कूलों और तीन कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। मई 2024 में भी दिल्ली-एनसीआर के 250 स्कूलों को एक ही दिन में धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे, जिनमें से कई रूस और ऑस्ट्रिया के आईपी पतों से भेजे गए थे और वीपीएन का उपयोग किया गया था, जिससे उनका स्रोत ट्रेस करना मुश्किल हो गया था।

स्थानीय लोगों में मचा हड़कंप

इस घटना ने अभिभावकों और स्थानीय निवासियों में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया। एक अभिभावक ने कहा, "सुबह-सुबह ऐसी खबर सुनकर घबराहट हो गई। बच्चे स्कूल जा रहे थे, लेकिन अब हमें उन्हें वापस लेना पड़ा।" स्कूल प्रशासन और पुलिस ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Leave Your Comment