logo

BREAKING NEWS
अक्षरा से पवन तक... अब बॉलीवुड में छाया भोजपुरी सितारों का देसी जलवा

अक्षरा से पवन तक... अब बॉलीवुड में छाया भोजपुरी सितारों का देसी जलवा

बॉलीवुड फिल्मों को हिट कराने के लिए निर्माता अब नए प्रयोग कर रहे हैं। पहले जहां सिर्फ बड़े सितारों के भरोसे फिल्में बनती थीं, अब दर्शकों से जुड़ाव के लिए क्षेत्रीय सितारों को भी जगह दी जा रही है। खासतौर पर भोजपुरी सिनेमा के कलाकारों की मांग तेजी से बढ़ी है। हाल ही में अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के गाने ‘घिस घिस घिस’ में अक्षरा सिंह नजर आईं। इस गाने ने रिलीज होते ही चर्चा बटोर ली और भोजपुरी सितारों का बॉलीवुड कनेक्शन फिर सुर्खियों में आ गया।

अक्षरा सिंह ने बटोरी चर्चा
‘वेलकम टू द जंगल’ के नए गाने में अक्षरा सिंह की मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। गाने में अक्षय कुमार एक भोजपुरी स्टार की भूमिका निभाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं अक्षरा ने अपने अंदाज से अलग पहचान बनाई। रिलीज के कुछ ही घंटों में गाने को लाखों लोगों ने देख लिया। दर्शकों ने सोशल मीडिया पर भी इस जोड़ी की खूब तारीफ की। इससे साफ दिख रहा है कि भोजपुरी सितारों की लोकप्रियता अब क्षेत्रीय सिनेमा से आगे निकल चुकी है।

पवन और खेसारी ने भी छोड़ी छाप
यह पहली बार नहीं है जब भोजपुरी कलाकारों ने बॉलीवुड में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई हो। इससे पहले पवन सिंह ने ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आई नहीं’ में अपनी आवाज से तहलका मचाया था। इस गाने को करोड़ों लोगों ने देखा और यह सोशल मीडिया पर लंबे समय तक छाया रहा। वहीं राजकुमार राव की फिल्म ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में भी पवन सिंह नजर आए। दूसरी ओर खेसारी लाल यादव ने ‘मालिक’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ जैसी फिल्मों में अपनी आवाज देकर अलग पहचान बनाई।

मनोज तिवारी भी बना चुके हैं रिकॉर्ड
भोजपुरी और बॉलीवुड का यह रिश्ता नया नहीं है। शाहरुख खान की फिल्म ‘फैन’ के चर्चित गीत ‘जबरा’ का भोजपुरी संस्करण भी काफी लोकप्रिय हुआ था। इसे मनोज तिवारी ने गाया था और लोगों ने इसे खूब पसंद किया। यह दिखाता है कि भोजपुरी कलाकारों की आवाज और अंदाज बड़े स्तर पर दर्शकों से जुड़ने की क्षमता रखते हैं।

अब बढ़ सकती है भोजपुरी सितारों की मांग
बदलते दौर में दर्शकों की पसंद भी बदल रही है। अब लोग फिल्मों में लोकल स्वाद और देसी अंदाज पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि निर्माता भी भोजपुरी कलाकारों को अपने प्रोजेक्ट में शामिल कर रहे हैं। आने वाले समय में और बड़े कलाकार बॉलीवुड फिल्मों में नजर आ सकते हैं। भोजपुरी सितारों का यह बढ़ता प्रभाव अब सिर्फ क्षेत्रीय नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी साफ दिखाई देने लगा है।

Leave Your Comment