बरगी डैम हादसा दिल दहला देने वाला! मां ने आखिरी सांस तक बेटे को सीने से लगाए रखा, लापरवाही पर उठे सवाल
मध्य प्रदेश के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह तक पांच और शव बरामद किए गए हैं, जिससे मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। प्रशासन के मुताबिक क्रूज पर कुल 43 लोग सवार थे, जिनमें से 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कुछ लोग अब भी लापता हैं। रेस्क्यू टीम लगातार तलाश में जुटी है और हर गुजरते घंटे के साथ उम्मीद और चिंता दोनों बढ़ रही हैं।
मां-बेटे की तस्वीर ने रुलाया
रेस्क्यू के दौरान सामने आई एक तस्वीर ने सभी को झकझोर दिया। एक मां अपने चार साल के बेटे को सीने से लगाए मिली, दोनों की मौत हो चुकी थी। महिला की पहचान मरिना मैसी और बच्चे की पहचान त्रिशान के रूप में हुई है। बताया गया कि मां ने लाइफ जैकेट पहनी हुई थी, लेकिन बेटे के पास जैकेट नहीं थी। तेज बहाव के बीच भी मां ने बेटे को नहीं छोड़ा। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए और हर आंख नम नजर आई।
लाइफ जैकेट न मिलने का आरोप
हादसे में बची बच्ची सिया ने बड़ा खुलासा किया है। उसके मुताबिक, यात्रियों को शुरुआत में लाइफ जैकेट नहीं दी गई थी। जब अचानक तूफान आया और पानी भरने लगा, तब हड़बड़ी में जैकेट निकाली गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने आरोप लगाया कि गांव वालों ने पहले ही खतरे की चेतावनी दी थी, लेकिन क्रूज को फिर भी बीच पानी में ले जाया गया। इसी लापरवाही ने हादसे को और भयावह बना दिया।
जांच के आदेश, जिम्मेदारी तय होगी
घटना के बाद प्रशासन और सरकार सक्रिय हो गई है। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने मौके पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि अगर किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं राघवेंद्र सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और क्रूज को भी बाहर निकाला जा रहा है। इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब जांच में सामने आएगा।
