अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने दस्तक दे दी है और लोग अपने एयर कंडीशनर दोबारा चालू करने की तैयारी में जुट गए हैं। लेकिन लंबे समय तक बंद रहने के बाद बिना जांच के AC चलाना नुकसानदायक हो सकता है। इससे कूलिंग कम हो सकती है, बिजली का बिल बढ़ सकता है और मशीन को भी नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए पहली बार चालू करने से पहले कुछ जरूरी कदम उठाना बेहद जरूरी है।
सर्विसिंग और सफाई है सबसे अहम
AC को चालू करने से पहले उसकी सर्विसिंग कराना सबसे जरूरी माना जाता है। लंबे समय तक बंद रहने के कारण यूनिट के अंदर धूल और गंदगी जमा हो जाती है। अगर तुरंत टेक्नीशियन उपलब्ध न हो, तो खुद से भी कुछ बेसिक सफाई की जा सकती है। फिल्टर को निकालकर साफ पानी से धोना चाहिए, क्योंकि गंदा फिल्टर हवा के बहाव को रोकता है और बिजली की खपत बढ़ाता है। साथ ही इनडोर और आउटडोर यूनिट की सफाई भी जरूरी होती है।
आउटडोर यूनिट का रखें खास ध्यान
स्प्लिट AC के लिए आउटडोर यूनिट के आसपास पर्याप्त जगह होना जरूरी है ताकि हवा का प्रवाह सही बना रहे। यूनिट के आसपास कोई रुकावट नहीं होनी चाहिए। AC चालू करते समय उसकी आवाज पर भी ध्यान दें। हल्की आवाज सामान्य होती है, लेकिन अगर खड़खड़ाहट या कंपन जैसी आवाज आए तो तुरंत मशीन बंद कर देनी चाहिए और विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए।
ड्रेनेज सिस्टम और बिजली की जांच जरूरी
AC का ड्रेनेज पाइप भी समय के साथ बंद हो सकता है, जिससे पानी कमरे के अंदर रिसने लगता है। इसलिए पाइप की जांच करना जरूरी है ताकि पानी आसानी से बाहर निकल सके। इसके अलावा बिजली से जुड़े सभी कनेक्शन, प्लग और तारों की स्थिति भी देखनी चाहिए। वोल्टेज स्टेबलाइजर सही काम कर रहा हो, यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है ताकि मशीन को नुकसान से बचाया जा सके।
पहले फैन मोड का करें इस्तेमाल
AC को सीधे कूलिंग मोड पर चलाने के बजाय शुरुआत में 15 से 20 मिनट तक फैन मोड पर चलाना बेहतर होता है। इससे अंदर जमा धूल बाहर निकल जाती है और मशीन पर अचानक दबाव नहीं पड़ता।
छोटी सावधानियां दें बड़ा फायदा
अगर इन सभी बातों का ध्यान रखा जाए, तो AC बेहतर कूलिंग देगा और लंबे समय तक सुरक्षित रहेगा। साथ ही बिजली की खपत भी कम होगी। सही देखभाल से आप गर्मी के मौसम में बिना किसी परेशानी के ठंडी हवा का आनंद ले सकते हैं।
