आज के समय में आधार कार्ड बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और कई जरूरी सेवाओं के लिए सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों में शामिल है। ऐसे में इसमें दर्ज जानकारी का सही होना बेहद जरूरी है। अगर नाम, पता, मोबाइल नंबर या जन्मतिथि में कोई गलती है तो उसे समय रहते अपडेट कराना चाहिए। हालांकि यूआईडीएआई ने हर जानकारी को अपडेट करने के लिए कुछ नियम और सीमाएं तय की हैं।
पता बदलने की कोई सीमा नहीं
अगर आप किसी दूसरे शहर या नए घर में शिफ्ट होते हैं तो आधार में पता अपडेट कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि पता बदलने की कोई तय सीमा नहीं है। जरूरत पड़ने पर आप कई बार अपना एड्रेस अपडेट करा सकते हैं। इसके लिए नए पते से जुड़ा वैध दस्तावेज देना जरूरी होता है।
नाम और जन्मतिथि के लिए खास नियम
आधार कार्ड में नाम अपडेट कराने की अनुमति केवल दो बार दी जाती है। इसलिए नाम में बदलाव करते समय स्पेलिंग और अन्य जानकारी की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए। वहीं जन्मतिथि में सुधार केवल एक बार ही कराया जा सकता है। ऐसे में जन्मतिथि अपडेट करते समय सही दस्तावेज देना और पूरी सावधानी बरतना जरूरी है।
मोबाइल नंबर और ईमेल अपडेट
अगर आपका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो गया है या आप नया नंबर जोड़ना चाहते हैं तो इसे अपडेट कराया जा सकता है। मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आधार सेवा केंद्र जाना पड़ता है। वहीं ईमेल आईडी में भी जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। यूआईडीएआई की नई सुविधाओं के जरिए कुछ मामलों में फेस ऑथेंटिकेशन और ओटीपी की मदद से भी अपडेट प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
कैसे करें अपडेट?
पता अपडेट करने के लिए माय आधार पोर्टल पर लॉगिन करके नया पता और संबंधित दस्तावेज अपलोड करना होता है। आवेदन जमा होने के बाद सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाती है। वहीं मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए आधार सेवा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन करवाना पड़ता है। आमतौर पर अपडेट प्रक्रिया पूरी होने में कुछ सप्ताह का समय लग सकता है।
कितना लगता है शुल्क?
यूआईडीएआई के अनुसार नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग और मोबाइल नंबर जैसी डेमोग्राफिक जानकारी अपडेट कराने के लिए 75 रुपये का शुल्क निर्धारित है। इसलिए किसी भी बदलाव से पहले दस्तावेजों की जांच कर लें, ताकि बार-बार सुधार कराने की जरूरत न पड़े और आपका आधार रिकॉर्ड पूरी तरह सही बना रहे।
