logo

BREAKING NEWS
चेतन से प्यार और केतन से शादी... सिया की जिंदगी का कौन सा राज खोल रही पुणे पुलिस?

चेतन से प्यार और केतन से शादी... सिया की जिंदगी का कौन सा राज खोल रही पुणे पुलिस?

पुणे के लोहगढ़ किला केस में सिया गोयल का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। एक तरफ उसकी शादी कारोबारी केतन अग्रवाल से तय थी और दोनों परिवार नवंबर की शादी की तैयारी कर रहे थे। दूसरी तरफ पुलिस जांच में चेतन चौधरी से उसकी नजदीकियों की बात सामने आई है। अब सवाल यही है कि सिया आखिर किस रिश्ते को निभाना चाहती थी और केतन के साथ उसका व्यवहार क्या सिर्फ दिखावा था।

दिवाली पार्टी से शुरू हुआ रिश्ता

परिवार के अनुसार सिया और केतन की मुलाकात पिछले साल दिवाली पार्टी में हुई थी। बातचीत बढ़ी तो दोनों परिवार भी करीब आए। 11 फरवरी को परिवारों की मुलाकात हुई और 19 फरवरी को रोका हो गया। शादी की तारीख 25 नवंबर तय बताई जा रही थी। सिया कई बार केतन के घर गई और परिवार के साथ त्योहारों में भी शामिल हुई। केतन की मां उसे अपनी बहू मान चुकी थीं।

चेतन से हजारों कॉल का दावा

पुलिस के मुताबिक पिछले छह महीनों में सिया और चेतन के बीच 2 हजार से ज्यादा कॉल हुईं। इन कॉल्स में करीब 238 घंटे बातचीत का दावा किया गया है। कुछ बातचीत कई घंटों तक चली। जांच एजेंसियां अब यह पता कर रही हैं कि यह सिर्फ निजी रिश्ता था या कथित साजिश से जुड़ी कोई बातचीत भी हुई थी। कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन इस केस की अहम कड़ी बन गए हैं।

लोहगढ़ की पहली यात्रा पर सवाल

केतन के परिवार ने दावा किया है कि 14 जून को भी सिया उसे लोहगढ़ किले लेकर गई थी। परिवार का आरोप है कि उस दिन केतन को खाई की ओर धक्का देने की कोशिश हुई लेकिन झाड़ियों में हाथ फंसने से वह बच गया। इस दावे की पुलिस अलग से जांच कर रही है। परिवार का कहना है कि उस समय सिया ने सांप आने की बात कहकर मामला संभालने की कोशिश की थी।

जन्मदिन के बहाने आखिरी सफर?

परिजनों के मुताबिक 19 जून को सिया का जन्मदिन था और इसी बहाने 18 जून को वह केतन को लोहगढ़ किले ले गई। सुबह दोनों साथ निकले और करीब 10:45 बजे परिवार को सूचना मिली कि केतन घाटी में गिर गया है। शुरुआत में इसे हादसा माना गया लेकिन सीसीटीवी फुटेज कॉल रिकॉर्ड और घटनास्थल से जुड़े सवालों के बाद जांच का रुख बदल गया।

जांच पूरी होने पर मिलेगा जवाब

पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। हालांकि आरोपों की अंतिम सच्चाई अदालत में सबूतों के आधार पर तय होगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज मोबाइल डेटा कॉल डिटेल घटनास्थल का रीक्रिएशन और दोनों आरोपियों से पूछताछ के जरिए हर कड़ी जोड़ रही है। फिलहाल सिया के मन में क्या था इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा।

Leave Your Comment