logo

header-ad
header-ad
दिल्ली में पीएम मोदी की बड़ी सौगात: दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन

दिल्ली में पीएम मोदी की बड़ी सौगात: दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के रोहिणी में देश के पहले 8 लेन एलिवेटेड हाईवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का उद्घाटन किया। इन दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 11,000 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करना और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। यह परियोजनाएं भारतमाला परियोजना का हिस्सा हैं और दिल्ली-एनसीआर के लिए एक गेम-चेंजर साबित होंगी।

उद्घाटन समारोह रोहिणी हेलीपेड के पास आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मौजूद थे। पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले मजदूरों से मुलाकात की और उनके अनुभव सुने। उन्होंने रोहिणी से बक्करवाला तक एक रोड शो भी किया, जहां लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन के दौरान कहा, "पिछले 10 सालों में केंद्र सरकार ने दिल्ली-NCR में अभूतपूर्व विकास किया है। दिल्ली को एक बेहतरीन शहर बनाने का जो बीड़ा हमने उठाया है, वह जारी है।" उन्होंने दिल्ली मेट्रो के विस्तार और विश्वस्तरीय सड़क निर्माण की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं 'नया भारत' के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम हैं।

द्वारका एक्सप्रेसवे

आपको बता दें द्वारका एक्सप्रेसवे, जिसकी कुल लंबाई 29 किलोमीटर है, देश का पहला 8 लेन एलिवेटेड अर्बन हाईवे है। इसका 18.9 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और 10.1 किलोमीटर हिस्सा दिल्ली में है।

देश की सबसे चौड़ी अर्बन टनल: इस एक्सप्रेसवे में 3.6 किलोमीटर लंबी 8 लेन की टनल है, जो द्वारका और यशोभूमि को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) से जोड़ती है। यह टनल यात्रियों को बिना रुकावट के एयरपोर्ट तक पहुंचाएगी, जिससे समय की बचत होगी। टनल में सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, और आपातकालीन निकास जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं हैं। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण में दो लाख मीट्रिक टन स्टील और 20 लाख क्यूबिक मीटर सीमेंट का उपयोग हुआ है। यह सिंगल पिलर पर बना है और इसमें 34 अंडरपास, 31 सुरंग, और 12 ओवरब्रिज शामिल हैं। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-गुरुग्राम के बीच यात्रा समय को एक घंटे से घटाकर 20-25 मिनट कर देगा। यह नेशनल हाईवे-48 पर ट्रैफिक के दबाव को 50% तक कम करेगा। निर्माण के दौरान 1,200 से अधिक पेड़ों का पुनरोपण किया गया, जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं हुआ। कार/जीप/वैन के लिए टोल लगभग 105 रुपये और बड़े वाहनों के लिए 355 रुपये है। टनल में टू-व्हीलर, ऑटो-रिक्शा, ट्रैक्टर-ट्रॉली, और खतरनाक सामान ढोने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं है। वाहनों की ऊंचाई 4.5 मीटर तक सीमित है।

अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2)

UER-2, जिसे दिल्ली का तीसरा रिंग रोड कहा जा रहा है, 75.81 किलोमीटर लंबा 6 लेन का हाईवे है, जिसकी लागत 7,716 करोड़ रुपये है। यह दिल्ली-पानीपत हाईवे (NH-44) के अलीपुर से शुरू होकर मुंडका, नजफगढ़, और द्वारका होते हुए महिपालपुर के पास दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर समाप्त होता है।

यह रोड दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़ता है, जिससे हरियाणा, राजस्थान, और उत्तराखंड के बीच यात्रा आसान होगी।यह मुंडका, बक्करवाला, नजफगढ़, धौला कुआं, और मुबरका चौक जैसे क्षेत्रों में ट्रैफिक को कम करेगा। यह नोएडा से IGI एयरपोर्ट तक का सफर भी कम समय में संभव बनाएगा। बवाना, नरेला, मुंडका, रोहिणी, समयपुर बादली, कंझावाला, और किराड़ी जैसे बाहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।

Leave Your Comment