चंपत राय के दो पत्रों से ट्रस्ट में घमासान, एक-दूसरे को निपटाने में जुटे ट्रस्टी
अयोध्या, न्यूज प्लस। श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी खुलासे के बाद ट्रस्ट के जो सदस्य पहले मामला दबाने के लिए एक-दूसरे को बचा रहे थे अब खुद फंसने के डर से एक-दूसरे को निपटाने में जुट गए हैं। महासचिव पद से इस्तीफे के बाद भी चंपत राय पूरी तरह सक्रिय हैं, उनके दो पत्रों ने ट्रस्ट के अंदर घमासान शुरू कर दिया है। अब सभी ट्रस्टी खुद बचते-बचाते और दूसरों को फंसाते नजर आ रहे हैं।
5 मई को जब चढ़ावा चोरी का मामला खुला था तब चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव से लेकर सभी इस पर पर्दा डालने के लिए आतुर दिखे थे। चोरी का जितना पैसा आरोपियों के घरों से मिला उसे चुपचाप लाकर मंदिर में रख लिया गया और सभी से इस मामले में चुप्पी साधने को कहा गया। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जैसे ही इसका खुलासा किया पूरे देश में प्रतिक्रिया हुआ और मजबूरी में एसआईटी की मांग ट्रस्ट की तरफ से की गई। पूरे देश से इतना दबाव बना कि एसआईटी जांच अभी पूरी नहीं हुई है लेकिन अंतरिम रिपोर्ट आते ही एफआईआऱ दर्ज करवा दी गई। इस एफआईआर में बड़ी मछलियों को बचा लिया गया।
दबाव बना तो महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया, इसको स्वीकार करने में भी कई दिन लगा दिए गए। अब जब चंपत राय किसी पद में नहीं रहे तो उन पर जेल जाने का डर सताने लगा। इस बीच उन्होंने पहले रामभक्तों के नाम एक पत्र जारी किया जिसमें अपने को पाकसाफ बताया और कहा उन पर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। यह भी कहा कि एसआईटी जांच पूरी होने के बाद वह सामने आएंगे और सारी बातों का खुलासा करेंगे। इस पत्र पर चर्चा चल ही रही थी कि चंपत राय सामने क्यों नहीं आ रहे हैं और पत्र जारी करने की उनको क्या जरूरत पड़ गई कि उनका एक और पत्र सामने आ गया, जो उन्होंने एसआईटी को लिखा है।
चंपत राय ने दरअसल इस पत्र के माध्यम से एसआईटी को अपना लिखित बयान दा है जो बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने पत्र में चढ़ावा चोरी के लिए पूरी तरह अनिल मिश्रा और बैंक अधिकारियों को दोषी ठहरा दिया। उन्होंने सीधा आरोप लगा दिया कि चढ़ावा गिनती की व्यवस्था अनिल मिश्रा ने बदली जिसके कारण चोरी हुई, यह भी कहा कि व्यवस्था बदलने की जानकारी उनको नहीं दी गई। चंपत राय का यह पत्र जैसे ही लीक हुआ ट्रस्ट के अंदर घमासान मच गया। कोषाध्यक्ष गोविन्ददेव गिरि तुरंत चंपत राय से मिलने पहुंच गए, शायद उनको भी डर सता रहा था कि कहीं अगले खुलासे में चंपत राय उन पर ठीकरा न फोड़ दें। दरअसल गोविन्ददेव गिरि चंपत राय को अहमी बता चुके हैं जिससे वह नाराज हैं। दूसरे घटनाक्रम में गोपाल राव मंदिर परिसर गोविन्ददेव गिरि से मिलने पहुंच गए, गौरतलब है कि उनको भी ट्रस्ट से निकाला जा चुका है हालांकि उनका कहना है कि यह अफवाह है और वह अभी भी ट्रस्ट में हैं।
इस घमासान में अनिल मिश्रा अभी सामने नहीं आए हैं जिन पर चंपत राय ने पूरा ठीकरा फोड़ा है। माना जा रहा है कि एसआईटी रिपोर्ट के बाद उनकी गिरफ्तारी हो सकती है, इससे बचने के लिए वह फिलहाल अपनी रणनीति बना रहे हैं। संभव है एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद वह भी सामने आएं और चंपत राय के आरोपों की काट के लिए एसआईटी को वह भी अपने नए बयान दर्ज कराएं।
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। सबसे पहले टिप्पणी करें!