नीट पेपर लीक संग अब चढ़ावा चोरी, विपक्ष ने नहीं चलने दिए सदन
नई दिल्ली, न्यूज प्लस। विपक्ष का रुख साफ है, एक के बाद एक मुद्दे उठाकर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। सोमवार को भी दोनों सदनों में विपक्ष का जोरदार हंगामा जारी रहा जिससे कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पायी। नीट पेपर लीक के साथ अब विपक्ष ने श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा बुलंद कर दिया है।
मानसून सत्र के पहले दो सप्ताह हंगामे की भेंट चढ़ चुके हैं। भले सरकार ने हंगामे के बीच तीन बिल पास करा लिए लेकिन जंतर-मंतर आंदोलन के बाद विपक्ष को जैसे ही युवाओं के रूप में बड़ा मुद्दा मिला वह सरकार पर हावी हो गया। खासकर राहुल गांधी को बड़ी बढ़त मिली, जिस तरह आगे आकर उन्होंने आक्रामक रैवाया अपनाया उससे वह विपक्ष के बड़े नेता के रूप में उभरे, यानी इंडिया गठबंधन को एकराय करने में वह काफी हद तक सफल रहे।
पिछला पूरा सप्ताह नीट पेपर लीक, युवाओं पर बर्बरता और पैलेट गन पर केंद्रित रहा। आखिरी दिन तक विपक्ष का पूरा मुद्दा गृहमंत्री अमित शाह पर आकर रुका। पैलेट गन पर विपक्ष लगातार उनसे जवाब मांग रहा है, लेकिन शुक्रवार को यह संकेत मिल गया था कि अब विपक्ष चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर आगे बढ़ेगा। लोकसभा के मकर द्वार पर चंदा चोरी का नाटक कर विपक्ष ने जता दिया था सोमवार को यह मुद्दा मुखर रूप से उठाएगा। यही हुआ सोमवार को कार्रवाई शुरू होते ही दोनों सदनों में विपक्ष ने चढ़ावा चोरी का मुद्दा ऊपर रखा लेकिन गृहमंत्री से इस्तीफा मांगना नहीं छोड़ा। दोनों सदनों में कार्रवाई शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। अब सरकार के सामने अपने बिल पास करवाने की चुनौती है।
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। सबसे पहले टिप्पणी करें!