राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमे 11 लोगों की मौत हो गई, इनमे सात बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा दौसा-मनोहरपुर राजमार्ग पर बापी गांव के पास हुआ, जब खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी मंदिरों से दर्शन कर लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी एक पिकअप वैन एक खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 3:30 से 5:00 बजे के बीच सैंथल पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुआ। पिकअप वैन में 20 से अधिक यात्री सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के एटा जिले के असरौली गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिकअप वैन एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में थी, तभी वह सड़क किनारे खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, और कई यात्री वाहन में फंस गए।
दौसा के पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया, "हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या 11 हो गई।" मृतकों में सात बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से सात की पहचान पूरवी (3), दक्ष (12), सीमा (25), प्रियंका (25), अंशु (26), सौरभ (28), और शीला (35) के रूप में हुई है। बाकी चार मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल के ट्रॉमा यूनिट में ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है, जबकि तीन अन्य का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों में लक्ष्य (5), नैतिक (6), रीता (30), नीलेश कुमारी (22), प्रियंका (19), सौरभ (28), और मनोज (28) शामिल हैं। एक घायल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है की टक्कर के बाद पिकअप में फंसे यात्रियों को निकालने में एक घंटे से ज्यादा समय लगा। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खोला।
हादसे की सूचना मिलते ही दौसा जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक सागर राणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है ताकि इसके सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता और वित्तीय मदद का आश्वासन दिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। दौसा के डिप्टी एसपी रवि प्रकाश शर्मा ने बताया, "पिकअप में सवार तीर्थयात्री खाटूश्यामजी मंदिर और फिर सालासर बालाजी मंदिर गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा जिले के असरौली गांव के निवासी हैं।"
सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, "दौसा, राजस्थान में हुए सड़क हादसे पर मैं शोक व्यक्त करता हूं। अधिकारियों को राजस्थान सरकार के अधिकारियों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।" इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य नेताओं ने भी इस त्रासदी पर दुख जताया है।



