logo

BREAKING NEWS
री-इवैल्यूएशन पोर्टल खुलते ही फिर परेशानी, छात्रों की बढ़ी टेंशन, CBSE ने दी सफाई

री-इवैल्यूएशन पोर्टल खुलते ही फिर परेशानी, छात्रों की बढ़ी टेंशन, CBSE ने दी सफाई

CBSE के 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन पोर्टल शुरू होने का लंबे समय से इंतजार था। करीब 4 दिन की देरी के बाद जब पोर्टल शुरू हुआ तो छात्रों को राहत मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पोर्टल चालू होने के कुछ समय बाद ही कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें करना शुरू कर दिया। कई छात्रों का कहना था कि लॉगिन करने और जानकारी भरने के बाद स्क्रीन फ्रीज हो रही थी, जिससे आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा था।

CBSE ने जारी की सफाई

बढ़ती शिकायतों के बीच CBSE ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि पोर्टल को फिर से एक्टिव कर दिया गया है और तकनीकी दिक्कतों को दूर करने का काम किया गया है। बोर्ड का कहना है कि छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है और आवेदन प्रक्रिया सुचारु रूप से चलाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि कुछ छात्रों का दावा है कि उन्हें अभी भी बीच-बीच में तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

4 लाख से ज्यादा छात्र हुए प्रभावित

इस साल 4 लाख से ज्यादा छात्र ऐसे हैं जो अपने अंकों के सत्यापन, उत्तर पुस्तिका की कॉपी और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करना चाहते हैं। ऐसे में पोर्टल में आई गड़बड़ी ने बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। शिक्षा मंत्रालय के अनुमान के अनुसार हजारों छात्र री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं, इसलिए पोर्टल का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है।

पहले भी आ चुकी हैं कई शिकायतें

रिजल्ट जारी होने के बाद से ही छात्रों ने कई तरह की शिकायतें दर्ज कराई हैं। इनमें भुगतान कटने के बाद रसीद न मिलना, लॉगिन की समस्या, उत्तर पुस्तिका की कॉपी डाउनलोड न होना और अधूरी या धुंधली कॉपी मिलने जैसी परेशानियां शामिल हैं। कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि उन्हें मिली उत्तर पुस्तिकाएं उनके मूल उत्तरों से मेल नहीं खाती थीं। अब सभी की नजर CBSE पर है कि बोर्ड इन समस्याओं का स्थायी समाधान कब तक निकालता है।

Leave Your Comment