logo

BREAKING NEWS
बैंक लॉकर में कितना सोना रख सकते हैं? जानिए RBI के नियम, मुआवजा सीमा और गोल्ड सुरक्षा की पूरी सच्चाई

बैंक लॉकर में कितना सोना रख सकते हैं? जानिए RBI के नियम, मुआवजा सीमा और गोल्ड सुरक्षा की पूरी सच्चाई

भारत में बड़ी संख्या में लोग अपने कीमती गहने और सोना सुरक्षित रखने के लिए बैंक लॉकर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अक्सर लोगों के मन में सवाल होता है कि आखिर बैंक लॉकर में कितना सोना रखा जा सकता है। अच्छी बात यह है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक लॉकर में सोना रखने की कोई तय सीमा नहीं रखी है। यानी आप अपने लॉकर के आकार और क्षमता के अनुसार जितना चाहें उतना सोना या अन्य कीमती सामान रख सकते हैं।

बैंक नहीं पूछता अंदर क्या रखा है

बैंक लॉकर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बैंक को यह जानकारी नहीं होती कि ग्राहक ने लॉकर में क्या रखा है। बैंक सिर्फ लॉकर की सुविधा देता है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है। यही वजह है कि बैंक ग्राहक से यह नहीं पूछ सकता कि उसने लॉकर में कितना सोना, चांदी या अन्य सामान रखा है। इस गोपनीयता के कारण लोग बैंक लॉकर को सुरक्षित विकल्प मानते हैं।

सिर्फ लॉकर, बीमा नहीं देता बैंक

हालांकि बैंक लॉकर सुरक्षित माना जाता है, लेकिन एक जरूरी बात जानना बेहद जरूरी है। बैंक लॉकर के अंदर रखे सामान का बीमा नहीं करता। चूंकि बैंक को यह पता ही नहीं होता कि लॉकर में क्या रखा गया है, इसलिए वह उसमें रखे सोने या गहनों की सुरक्षा का पूर्ण वित्तीय जिम्मा नहीं लेता। इसलिए यह मान लेना गलत होगा कि लॉकर में रखा सोना पूरी तरह बीमित है।

नुकसान होने पर कितना मिलेगा मुआवजा?

RBI के नियमों के अनुसार अगर बैंक की लापरवाही, चोरी, आग, डकैती या कर्मचारियों की धोखाधड़ी के कारण लॉकर में रखा सामान नुकसान होता है, तो बैंक की जिम्मेदारी सीमित होती है। बैंक अधिकतम लॉकर के वार्षिक किराये का 100 गुना तक मुआवजा देता है। उदाहरण के तौर पर यदि लॉकर का सालाना किराया 3,000 रुपये है, तो बैंक अधिकतम 3 लाख रुपये तक ही मुआवजा देगा। चाहे लॉकर में रखा सोना उससे कहीं अधिक कीमत का क्यों न हो।

महंगे गहनों का बीमा कराना बेहतर

यदि आपके पास बड़ी मात्रा में सोना या महंगे आभूषण हैं, तो उनका अलग से बीमा कराना समझदारी भरा कदम हो सकता है। इससे किसी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सकती है। केवल बैंक लॉकर पर निर्भर रहना हमेशा पर्याप्त सुरक्षा नहीं माना जाता।

घर में सोना रखने के नियम

बैंक लॉकर के अलावा घर में सोना रखने को लेकर भी कई लोगों में भ्रम रहता है। आयकर विभाग की गाइडलाइन के अनुसार विवाहित महिला के पास 500 ग्राम, अविवाहित महिला के पास 250 ग्राम और पुरुष के पास 100 ग्राम तक सोना होने पर सामान्य तौर पर सवाल नहीं उठाए जाते। हालांकि यदि आपके पास इससे अधिक सोना है और उसके खरीद संबंधी वैध दस्तावेज मौजूद हैं, तो उसे रखना पूरी तरह कानूनी माना जाता है। इसलिए सोना चाहे घर में रखें या बैंक लॉकर में, उसके दस्तावेज संभालकर रखना बेहद जरूरी है।

Leave Your Comment