15 अगस्त 2025: पीएम मोदी का लाल किले से 12वां संबोधन, इस बार सेना के शौर्य और बलिदान को समर्पित होगा भाषण
15 अगस्त 2025 को भारत अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह संबोधन न केवल उनकी सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा होगा, बल्कि भविष्य की योजनाओं और नीतियों की घोषणा का भी एक महत्वपूर्ण मंच होगा। इस बार का भाषण खास तौर पर भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को समर्पित होगा, जो देश की एकता और सुरक्षा का प्रतीक है।
लाल किला स्वतंत्रता दिवस समारोह का केंद्र रहा है, जहां 15 अगस्त 1947 को भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने पहली बार तिरंगा फहराया था। तब से यह परंपरा हर साल निभाई जाती है। पीएम मोदी का यह 12वां संबोधन उन्हें पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू (17 बार) और इंदिरा गांधी (16 बार) के बाद तीसरे सबसे ज्यादा बार लाल किले से भाषण देने वाले नेता बनाएगा।
सेना के शौर्य पर समर्पित हो भाषण
इस बार पीएम मोदी का भाषण भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को समर्पित होगा। सूत्रों के अनुसार, वे सशस्त्र बलों की उपलब्धियों, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, और सीमा सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर जोर दे सकते हैं। इसके अलावा, 'विकसित भारत' का विजन, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, ग्रामीण विकास, और युवा सशक्तिकरण जैसे विषय भी उनके संबोधन का हिस्सा हो सकते हैं।
पीएम मोदी ने इस बार अपने भाषण के लिए जनता से सुझाव मांगे हैं। उन्होंने MyGov पोर्टल और NaMo ऐप के माध्यम से लोगों से अपने विचार साझा करने की अपील की है। इससे यह संकेत मिलता है कि उनका भाषण जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों को प्रतिबिंबित करेगा।
आपको बका दें स्वतंत्रता दिवस समारोह सुबह 7 से 8 बजे के बीच लाल किले पर शुरू होगा। पीएम मोदी तिरंगा फहराएंगे, जिसके बाद परेड, तिरंगे गुब्बारे समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां को और भव्य बनाएंगे। मेहमानों को सुबह 6:30 से 7:00 बजे के बीच पहुंचने की सलाह दी गई है। जो लोग लाल किला नहीं पहुंच सकते, वे समारोह को दूरदर्शन नेशनल, दूरदर्शन न्यूज, और रक्षा मंत्रालय तथा पीएमओ के आधिकारिक यूट्यूब चैनलों पर लाइव देख सकते हैं। कई निजी न्यूज चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे फेसबुक और एक्स) पर भी लाइव अपडेट उपलब्ध होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए लाल किले और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने 16 अगस्त तक ड्रोन, पैरा-ग्लाइडर, और अन्य गैर-पारंपरिक हवाई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। सुरक्षा जांच के लिए मेहमानों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।



