logo

header-ad
header-ad
स्वामी प्रेमानंद की शरण में पहुंचे रैपर-सिंगर बादशाह, वीडियों वायरल

स्वामी प्रेमानंद की शरण में पहुंचे रैपर-सिंगर बादशाह, वीडियों वायरल

बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह हाल ही में उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत स्वामी प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बादशाह अपने भाई के साथ स्वामी प्रेमानंद के सामने घुटनों पर बैठे नजर आ रहे हैं। इस मुलाकात में बादशाह के भाई ने संत से जीवन और रिश्तों से जुड़ा एक गहरा सवाल पूछा, जिसका जवाब स्वामी जी ने अपनी विशेष सरल और आध्यात्मिक शैली में दिया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि बादशाह शांत और गंभीर भाव से स्वामी प्रेमानंद के सामने बैठे हैं, जबकि उनके भाई ने एक गहन प्रश्न उठाया। उन्होंने पूछा, "इस दुनिया में इंसान किसलिए आया है? हम सब भाई पहले ये सोचते थे कि दुनिया में सब एक-दूसरे की मदद करने आए हैं। लेकिन बहुत लोग सत्य सुनना चाहते हैं, पर जब सत्य बोलते हैं तो रिश्ते दूर हो जाते हैं, प्यार खत्म हो जाता है। ऐसा लगता है जैसे किसी ने श्राप दे दिया हो इंसान खत्म हो जाता है, ना कर्म कर पाता है, ना अपना काम।

इस सवाल के जवाब में स्वामी प्रेमानंद जी ने हंसते हुए कहा, "थोड़ा सा मजबूत हृदय रखो। सत्य भगवान है और उसका साथ भगवान देते हैं। संसार असत्य में उलझा हुआ है, इसलिए जब तुम सत्य की राह पर चलते हो, तो तुम्हें अपने मार्ग में कोई साथी नहीं मिलेगा। लेकिन वो पक्ष लेगा, जिसके पक्ष लेने मात्र से सब पक्षपाती बन जाएंगे।" उनकी इस बालसुलभ हंसी और गहरे जवाब ने बादशाह और उनके भाई को संतुष्ट किया, और वीडियो के अंत में बादशाह के चेहरे पर हल्की मुस्कान भी दिखाई दी।

आपको बता दें स्वामी प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज, जिन्हें उनके भक्त प्रेमानंद महाराज के नाम से जानते हैं, राधा वल्लभ सम्प्रदाय से जुड़े एक रसिक संत और प्रवचनकर्ता हैं। उनका जन्म 30 मार्च 1969 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के अखरी गांव में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनका मूल नाम अनिरुद्ध कुमार पांडेय था। 13 वर्ष की आयु में उन्होंने घर छोड़कर संन्यास ले लिया और काशी में गंगा के तट पर साधना की। बाद में वृंदावन में रासलीला देखने के बाद उन्होंने राधा वल्लभ सम्प्रदाय में दीक्षा ली। 2016 में उन्होंने श्री हित राधा केली कुंज ट्रस्ट की स्थापना की, जो भक्ति, सामाजिक कल्याण, निशुल्क भोजन, चिकित्सा और आवास जैसी सेवाएं प्रदान करता है।

इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रशंसकों और भक्तों ने स्वामी प्रेमानंद के जवाब की सादगी और गहराई की सराहना की है। कई लोगों ने बादशाह के इस आध्यात्मिक कदम की तारीफ की, जबकि कुछ ने इसे उनके जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया। यह वीडियो न केवल स्वामी प्रेमानंद की लोकप्रियता को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे आधुनिक युग में भी लोग आध्यात्मिक मार्गदर्शन की तलाश में संतों की शरण में जा रहे हैं।

Leave Your Comment