चढ़ावा चोरी में बच गए बड़े, विपक्ष को फिर मिला बड़ा मुद्दा
लखनऊ। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच कर रही ‘सरकार एसआईटी’ की जांच में आखिर वही हुआ जो आरोप शुरू से विपक्ष लगा रहा था। बड़ों को एसआईटी ने क्लीन चिट दे दी तो विपक्ष को फिर बड़ा मुद्दा मिल गया। हालांकि विपक्ष ही नहीं कई बड़े हिन्दू नेता यहां तक ट्रस्ट नृपेन्द्र मिश्र ने खुद इसे डकैती बताया था और इशारा किया था इसमें बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। अब विपक्ष खासकर सपा फिर से इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाकर भाजपा को घेरने की कोशिश करेगी।
शुरू से शक के दायरे में थी एसआईटी
चढ़ावा चोरी का खुलासा अखिलेश यादव ने ही किया था, हालांकि तब तक श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सभी बड़े पदाधिकारियों को इकी जानकारी हो चुकी थी और वे अपनों को बचाने में लगे थे। चढ़ावा चोरी का खुलासा होने के बाद पूरे देश में तहलका मचा तो ट्रस्ट ने एसआईटी जांच का अनुरोध सरकार से किया। इस बीच ट्रस्ट पदाधिकारी चोरी की काफी रकम बरामद कर चुके थे लेकिन अपनों को फंसता देख एफआईआर नहीं करायी। अखिलेश यादव ही नहीं, हिन्दूवादी नेता और भाजपा के पूर्व सांसद विनय कटियार से लेकर कई हिन्दू संगठनों ने चंपत राय और अनिल मिश्रा को चढ़ावा चोरी के लिए दी ठहराया। एसआईटी की जांच शुरू से ही एक तरफ जा रही थी, प्रारंभिक रिपोर्ट में जिन आठ कर्मचारियों को दोषी ठहराया उनके खिलाफ ट्रस्ट ने एफआईआर दर्ज करा दी, पुलिस ने भी उन्हीं को गिरफ्तार कर लिया और बड़े बच गए। चंपत राय की एसआईटी ने सिर्फ लापरवाही मानी है जिसके लिए वह पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं, अब कोई आपराधिक कार्रवाई उन पर नहीं होनी। अनिल मिश्रा को जरूर शक के दायरे में रखा गया है लेकिन पुलिस अपनी विवेचना में क्या करती है देखना होगा।
कैसे बचे बड़े, छोटे कर्मचारी गए जेल
एसआईटी जांच पर संदेह हुआ तो बार एसोसिएशन, कुछ हिन्दूवादी नेता और अन्य लोग अपनी एफआईआर दर्ज कराना चाहते थे। इन लोगों का मानना था कि ट्रस्ट वादी रहेगा तो अपने लोगों को बचाने की कोशिश करेगा, लेकिन ऊपर का दबाव इतना था कि किसी की एफआईआर दर्ज नहीं की गई, एसआईटी को ही सरकार ने सर्वोपरि माना और ट्रस्ट उसी की जांच के आधार पर रिपोर्ट लिखायी। जो कर्मचारी गिरफ्तार किए गए उनको किसका संरक्षण था, कौन उनको बचा रहा था यह भी एसआईटी ने नहीं देखा और न चढ़ावा चोरी करने वालों के घर अन्य अपराधियों की तरह बुलडोजर चला। चंपत राय को क्लीनचिट तो पहले दिन से तय थी लेकिन माना जा रहा था कि अनिल मिश्रा को जेल जाना पड़ेगा, क्योंकि खुद चंपत राय ने एसआईटी को पत्र लिखकर चढ़ावा गिनती व्यवस्था के लिए पूरी तरह उन्हीं को जिम्मेदार ठहराया था। पर जांच अंतिम चरण में आते-आते अनिल मिश्रा भी बच गए, तो क्या करोड़ों रुपये चोरी हो गए इन बड़ों की कोई जिम्मेदारी नहीं थी।
संघ से जुड़े थे, हाथ डालने से डरी पुलिस
विपक्ष पहले दिन से कह रहा था कि एसआईटी बनायी इसीलिए गई है ताकि चढ़ावा चोरी पर लीपापोती की जा सके। सभी बड़े पदाधिकारी आरएसएस से जुड़े थे जिन पर पुलिस तो क्या सरकार भी हाथ डालने से कतराती रही। ऊपर से मिले आदेशों का पालन ही एसआईटी करती रही, यह आदेश सरकार को भी और ऊपर से मिल रहे थे। चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय का नाम जितनी तेजी से ऊपर आया उतनी ही तेजी से दब गया। अब विपक्ष का सवाल है कि वह निर्दोष थे तो इस्तीफा क्यों दिया। हालांकि विपक्ष का कहना है कि भले वह ट्रस्ट का महासचिव पद छोड़ चुके हों, फिर भी उनकी ट्रस्ट में पूरी दखल है। अब आस्थावानों को उम्मीद सुप्रीमकोर्ट के आदेश पर बनी नई एसआईटी की जांच पर है, लोगों का मानना है कि उस पर किसी का दबाव नहीं, इसलिए उसकी जांच सही हो सकती है।
सपा स्पष्ट रुख, चुनाव तक चलेगा मुद्दा
सपा ने चढ़ावा चोरी के खुलासे के साथ संकेत दे दिए थे कि वह इस मुद्दे को चुनावों तक ले जाएगी। बीच में जेन-जी के आंदोलन ने इस मुद्दे को थोड़ा कमजोर जरूर किया लेकिन सपा अभी भी इसे ही लेकर चलना चाहती है। जंतर-मंतर का आंदोलन न होता तो मानसून सत्र चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर ही गरम रहता और शायद दोनों सदनों में तब विपक्ष इसी मुद्दे पर सरकार को घेर रहा होता। जंतर-मंतर आंदोलन समाप्त होते ही सपा ने सदन में यह मुद्दा उठा दिया, अब जबकि एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट में बड़ों को बचा लिया गया है सपा को एक बार फिर प्रदेश सरकार पर हमले का मौका मिल गया है। सपा जानती है कि वह यह मुद्दा उठाकर मुस्लिम परस्त होने का ठप्पा हल्का कर सकती है, इससे हिन्दू वोट उसकी तरफ आकर्षित हो सकते हैं। शायद इसीलिए सीएम योगी कट्टर हिन्दुत्व की तरफ रुख करते नजर आ रहे हैं, ताकि अखिलेश यादव उनकी हिन्दुत्व की पिच पर आगे न बढ़ पाएं।
आखिलेश राममंदिर दर्शन को जाएंगे
चुनाव से पहले अखिलेश यादव मुस्लिम परस्त होने का दाग धोने के लिए अयोध्या रामंदिर जाकर श्रीराम के दर्शन कर सकते हैं। यह दाग धोने के लिए अखिलेश यादव इटावा में केदारेश्वर महादेव मंदिर बनवा रहे हैं, कहा जा रहा है कि केदारेश्वर महादेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव अयोध्या सकते हैं। उनका मानना है कि मुसलमान उनका साथ नहीं छोड़ेगा क्योंकि एक मैसेज साफ है कि भाजपा को सपा ही हरा सकती है, अगर मुस्लिमों को लेकर नफरत करने वाले उन हिन्दुओं का झुकाव उनकी ओर बढ़ता है जो भाजपा से नाराज हैं औ विकल्प खोज रहे हैं तो उनकी नैया पार लग जाएगी। इसीलिए वह लगातार चढ़ावा चोरी के बहाने भाजपा को सनातन विरोधी साबित करने की कोशिश कर रहे हैं, इससे पीडीए के साथ अपर क्लास भी उनसे जुड़ सके।
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। सबसे पहले टिप्पणी करें!