क्या है अखिलेश यादव का ‘माइंडगेम’
लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने यूपी के लिए एनडीए गठबंधन की सीटों का बंटवारा कर दिया। सूत्रों के हवाले से गठबंधन की पार्टियों को सीटें बांट दीं, यह अखिलेश यादव का माइंड गेम है या फिर इसके पीछे कुछ और रणनीति है। क्या अखिलेश यादव यूपी का चुनाव पीडीए के इर्द गिर्द ले जाना चाहते हैं या एनडीए के अंदर झगड़ा कराना चाहते हैं या फिर उनकी यह रणनीति एनडीए के कुछ दलों को अपनी ओर खींचने की कोशिश है।
चुनाव ‘पीडीए’ पर ले जाने की कोशिश
अखिलेश के एक ट्विट ने न केवल तमाम न्यूज चैनलों को बहस का मुद्दा दे दिया बल्कि एनडीए में शामिल तमाम दलों ने अपनी सीटों पर मंथन शुरू कर दिया है। एनडीए के साथ जुड़े तमाम दल जातीयता के आधार पर बने हैं, उनको एक सब्जबाग दिखाकर अखिलेश यादव यूपी का चुनाव पीडीए के इर्द गिर्द ही ले जाने की कोशिश में हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव का पीडीए फार्मूला पूरी तरह सफल रहा था, उन्होंने कांग्रेस के साथ मिलकर 43 सीटें जीतकर सभी को चौंकाया था। अखिलेश यादव का मानना है कि उनका यही फार्मूला विधानसभा चुनाव में जीत का आधार बनेगा इसीलिए शायद वह चुनाव को जातियों के इर्द गिर्द रखने के प्रयास में हैं। वह चाहते हैं कि एनडीए में शामिल जातीय दल जातीय आधार पर सीटों की मांग शुरू करें, इससे जातिवाद पर चर्चा शुरू होगी और चुनाव में जातीयता हावी रहेगी।
झगड़ा लगाने या खींचने की कोशिश
अखिलेश यादव का दिमाग लगता है पीडीए के अलावा भी कई एंगल पर काम कर रहा है। क्या उन्होंने एनडीए गठबंधन की सीटों के बहाने उससे जुड़े दलों को सपा में लाने का दाना डाल रहे हैं। क्या वह चाहते हैं एनडीए में शामिल दल अपनी सीटों पर बात करने के लिए पर्दे के पीछे उनसे बात करें। क्या उनके निशाने पर खासकर सुभासपा और निषाद पार्टी है। जयंत चौधरी भी इन दिनों भाजपा से कुछ नाराज चल रहे हैं, क्या अखिलेश फिर से उनको अपने साथ लाना चाहते हैं। अखिलेश यादव ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भाजपा आरएलडी को 73, सुभासपा को 39, निषाद पार्टी को 31 और अपना दल को 19 सीटें देने जा रही है। उनकी यह मंशा भी हो सकती है कि ये दल भाजपा से इतनी सीटें मांगे और सीटों को लेकर एनडीए में झगड़ा हो, क्योंकि भाजपा कभी 162 सीटें सहयोगी दलों को देने वाली नहीं है।
हिन्दू-मुस्लिम की काट तो नहीं
अखिलेश के दिमाग में एक और खेल भी चल सकता है, वह हिन्दू-मुस्लिम कार्ड को पीछे रखना चाहते हों। वह चाहते हों जातीय कार्ड ही आगे रहे। दरअसल श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी का खुलासा करके अखिलेश यादव ने साफ्ट हिन्दुत्व की राह तो पकड़ी है लेकिन सीएम योगी हार्ड हिन्दुत्व की राह में तेजी से आगे बढ़कर उनको अपनी पिच पर टिकने नहीं दे रहे हैं। राम भक्तों के कत्लेआम और कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे उठाकर इस मामले में सीएम योगी ने अखिलेश को बैकफुट पर ला दिया है, हालांकि अखिलेश चुना तक चढ़ावा चोरी का मुद्दा भी जीवित रखना चाहते हैं लेकिन उनकी कोशिश यही होगी कि चुनाव में हिन्दू-मुस्लिम के बजाय जातीय आधार पर वोटिंग का माहौल बने। अखिलेश का मानना है कि मुस्लिम वोट बैंक तो उनका है ही, लेकिन हिन्दू एकतरफा भाजपा की ओर न चला जाए।
तो फिर जेन-जी का मुद्दा कहां जाएगा
अखिलेश यादव ने एनडीए में जिस तरह सीटों का बंटवारा करके नई बहस छेड़ दी है उसमें जेन-जी कहीं शामिल नहीं है। एनडीए में शामिल तमाम दल शुद्ध रूप से जातियों के आधा पर बने हैं, इसमें जेन-जी कहीं फिट नहीं बैठता। जंतर-मंतर आंदोलन के बाद जेन-जी जिस तरह मुखर हुआ है उससे साफ है कि यूपी के चुनाव में इसका खासा असर दिखेगा। जेन-जी के मुद्दे चुनाव में प्रभाव डालने वाले हैं लेकिन इस पर बात अखिलेश यादव फिलहाल कम ही कर रहे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि जेन-जी का मुद्दा अखिलेश ने शायद राहुल गांधी पर छोड़ दिया है, जिस मुखरता से राहुल जेन-जी का मुद्दा उठा रहे हैं और उनके साथ वह जुड़ रहे हैं उससे अखिलेश को लगता है कि कांग्रेस के साथ गठबंधन के बाद जेन-जी से वह खुद ब खुद जुड़ जाएंगे।
यूपी के मुद्दे क्या बदलते रहेंगे
पीडीए, हिन्दू-मुस्लिम, जेन-जी या चुनाव तक कुछ और मुद्दे आएंगे अभी कहना मुश्किल होगा लेकिन यह तय है कि यूपी में मुद्दे चुनाव तक बदलते रहेंगे। अखिलेश यादव ने जब सूत्रोंके हवाले से एनडीए में सीटों का बंदवारा किया तो यह कहना नहीं भूले हालांकि भाजपा जो सीटें गठबंधन के दलों को देने जा रही है वह पीडीए जनसंख्या के हिसाब से कम हैं। वह यह कहना भी नहीं भूले कि भाजपा पीडीए की तरह योजना पर काम कर रही है और यह कहना भी नहीं भुले कि भाजपा चुनाव हार रही है, गठबंधन के दलों को ज्यादा सीटों इसलिए देने जा रही है क्योंकि हार का ठीकरा तो किसी पर फोड़ना ही है। लेकिन चुनाव में अभी सम है, अखिलेश को तब तक कई और माइंडगेम खेलने होंगे और भाजपी की तरफ से होने वाले हमले भी बचाने होंगे।
अभी कोई टिप्पणी नहीं है। सबसे पहले टिप्पणी करें!