न्यूज प्लस डेस्क, लखनऊ। इंतजार समाप्त हो गया, अब आप जल्द नोएडा (जेवर) इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भर पाएंगे। 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एयरपोर्ट का लोकार्पण करने जा रहे हैं। इसी के साथ यहां से घरेलू और अन्तर्राष्ट्रीय दोनों उड़ाने शुरू हो जाएंगी। खासकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आधे से ज्यादा दिल्लीवासियों के लिए एयरपोर्ट चालू होने से बड़ी राहत मिलेगी, उनको अब फ्लाइट पकड़ने के लिए लम्बी तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल में नोएडा एयरपोर्ट पहुंचकर सारी व्यवस्थाएं देखीं और लोकार्पणकी तैयारी को निर्देश दे दिए। इसी के साथ पीएम मोदी से मिलकर उन्होंने 28 मार्च को लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया, जिसे मंजूरी भी मिल गई। लखनऊ में सीएम योगी ने बताया कि उन्होंने जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण के लिए प्रधनमंत्री से अनुरोध किया था जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री 28 मार्च को एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे और इसी के साथ यहां से फ्लाइट्स शुरू हो जाएंगी। इंडिगो समेत कम से कम तीन एयरलाइंस ने यहां से शुरुआत में फ्लाइट्स शुरू करने की घोषणा की है, लोकार्पण होते ही ये एयरलाइंस यहां से उड़ान शुरू कर देंगीं।
जेवर एयरपोर्ट शुरू होने से इंदिरागांधी इंटरनेशनल (दिल्ली) एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव और भीड़ कम होगी। फिलहाल देश-विदेश की हवाई यात्राओं के लिए दिल्ली-एनसीआर ही नहीं देश के बड़े हिस्से के लोग इसी एयरपोर्ट पर निर्भर हैं। फिलहाल जेवर एयरपोर्ट का पहला चरण पूरा हुई है, इसके पूरी तरह चालू होने से यह तमाम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की बराबरी पर आ जाएगा और दुनिया के किसी भी हिस्से में यहां से उड़ान भरी जा सकेगी।
सीएम योगी के अनुसार इस एयरपोर्ट से न केवल उप्र और देश के तमाम लोगों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है बल्कि उप्र को भी एक लाख करोड़ से अधिक का राजस्व मिलने जा रहा है। इससे प्रदेश का राजस्व को बढ़ेगा ही, देश-विदेश से प्रदेश में निवेश और उप्र का पर्यटन भी तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश को कई मायनों में बड़ा लाभ होने वाला है।
