[Edited By: Admin]
Friday, 10th May , 2019 04:50 pmरमजान का पाक महीना शुरू हो गया है। एक महीने तक अब रोजा रखने वाले लोग पूरे दिन बिना कुछ खाए और बिना पानी पिए रहेंगे। 42-43 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच लू लगने और डिहाइड्रेशन का खतरा हो सकता है। लिहाजा कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है ताकि आपके रोजे हेल्दी तरीके से बीतें। इसके लिए ध्यान रखें कि,
इफ्तार के वक्त हल्का खाना खाएं -अधिकतर रोजेदार जब रोजा खोलते हैं तो जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं। यह सीधे आंत पर असर डालता है। बॉडी एक मशीन की तरह है। अगर पूरे दिन कुछ नहीं खाया और शाम को एक बार में ही बहुत खाने पर बॉडी सही तरीके से प्रतिक्रिया नहीं देगी। इसलिए रोजा खोलते वक्त हल्का खाना खाएं।
नींबू पानी है बेहतर विकल्प - डिहाइड्रेशन से बचने के लिए रोजा खोलते वक्त सबसे पहले नींबू पानी पिएं या नारियल पानी भी बेहतर विकल्प है। इफ्तार के वक्त रेड मीट न खाएं। इससे कलेस्ट्रॉल बढ़ता है, जो दिल के मरीजों की परेशानी बढ़ा सकता है।
सहरी में बादाम और फ्रूट जूस पिएं - तड़के खाए जाने वाली सहरी को कभी न छोड़ें, क्योंकि यह आपके लिए मुख्य भोजन है, जिस पर पूरा दिन आपका शरीर निर्भर रहता है। रात में भिगोकर रखे गए बादाम के साथ अपने दिन की शुरुआत करें और फिर फलों के साथ जूस या दूध का सेवन करें। तरबूज, खीरा, ककड़ी सहरी में जरूर खाएं।
गर्मियों में खजूर खाना सबसे अच्छा - रोजा खोलने के लिए खजूर सबसे अच्छा माना जाता है। खजूर परंपरागत रूप से और स्वास्थ्य के लिहाज से भी जरूरी है, क्योंकि ये ऊर्जा स्रोत पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें न सिर्फ फाइबर होता है, बल्कि इसमें बीमारियों से लड़ने वाले ऐंटी-ऑक्सिडेंट्स भी होते हैं।