[Edited By: Admin]
Monday, 13th May , 2019 12:35 pmश्रीलंका ने सोमवार को सोशल मीडिया नेटवर्क और मैसेजिंग ऐप, जिसमें फेसबुक और व्हाट्सएप भी शामिल हैं, उस पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। ईस्टर बम धमाकों के बाद यहां मस्जिदों और मुस्लिमों द्वारा चलाई जा रही दुकान पर हमले हुए हैं। देश में हिंसा ना फैले, इस बात का ध्यान रखते हुए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया गया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि फेसबुक पर शुरू हुए एक विवाद के चलते रविवार को एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई, दर्जनों लोगों ने मस्जिदों और मुसलमानों द्वारा चलाए जा रहे स्टोर पर पत्थरों से हमला किया। अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने विवाद का कारण बनी फेसबुक पोस्ट करने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। श्रीलंका में सोशल मीडिया पर ईस्टर बम धमाकों के बाद भी प्रतिबंध लगाया गया था। ताकि गलत जानकारी और अफवाह ना फैले। लेकिन कुछ दिनों बाद प्रतिबंध हटा लिया गया। डिपार्टमेंट ऑफ गवर्मेंट के डायरेक्टर जनरल का कहना है, "देश में शांति बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर दोबारा प्रतिबंध लगाया गया है।"