[Edited By: Admin]
Monday, 1st July , 2019 07:39 pmविश्व के सबसे बड़े विमान ए380 में सफर करना अपने आप में बड़ी बात है। यह हर किसी का सपना भी हो सकता है। लेकिन यदि बात की जाए दुनिया के इस सबसे बड़े विमान में बैठकर सबसे छोटी हवाई यात्रा की तो कुछ अटपटा जरूर लगेगा। लेकिन, अब यही सच हो गया है। दरअसल, अमिरात एयरलाइंस ने अपने एयरबर ए380 विमान के जरिए दुनिया की सबसे छोटी हवाई यात्रा की शुरुआत की है। दुबई से मस्कट के बीच का यह सफर महज 40 मिनट का है। एयरलाइंस ने बड़े विमान के साथ अपनी छोटी शुरुआत को लेकर कई ट्वीट भी किए हैं। आपको यहां पर ये भी बता दें कि दुबई से मस्कट की दूरी महज 340 किमी की है। एयरलाइंस डिविजनल सीनियर वाइस प्रेजीडेंट (कमर्शियल ऑपरेशन सेंटर) शेख माजिद अल मौला के मुताबिक इस रूट पर जाने वाले कई यात्री है। लिहाजा एयरलाइंस के लिए यह एक नया अनुभव होगा।
उनका कहना है कि ओमान अमिरात का प्रमुख डेस्टिनेशन है और यहां पर अपने यात्रियों को वक्त पर बेहतर सुविधा देने के साथ कंपनी यहां पर उड़ानों में इजाफा भी करेगी। अपनी छोटी शुरुआत के जरिए कंपनी ने अपना ही एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे पहले कंपनी ने अपनी सबसे छोटी दूरी की हवाई सेवा दुबई से दोहा के बीच शुरू की थी। लेकिन 2017 में दोहा की सभी उड़ानों को रद कर दिया गया था। इसकी वजह कतर और दुबई के बीच उपजा तनाव था।
एयरबस ए380 की बात चली है तो आपको यहां पर ये भी बताना जरूरी होगा कि दुनिया की सबसे लंबी उड़ान दुबई से ऑकलैंड के बीच नॉनस्टॉप फ्लाइट इसी एयरलाइंस ने अपने सबसे बड़े विमान के साथ शुरू की थी। मार्च 2016 में यह उड़ान शुरू की गई थी। हालांकि पहले इस यात्रा के लिए बोइंग 777-200LR विमान का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन ए380 के आने के बाद दिसंबर 2016 में कंपनी ने न्यूजीलैंड के इस शहर के लिए इस विमान को लगाया था।
सिडनी और डलास के बीच दुनिया की दूसरे नंबर की सबसे लंबी उड़ान सेवा क्वांता एयरलाइंस उपलब्ध कराता है। यह दूरी 13802 किमी की है। इसके बाद तीसरे नंबर पर दुबई से लॉस ऐंजेलिस की उड़ान आती है, जिसके बीच की दूरी 13395 किमी है। इसके बाद दुबई से ह्यूस्टन जो करीब 13118 किमी है आती है, फिर दुबई से सेन फ्रांसिस्को जो 13013 किमी है आती है।