[Edited By: Vijay]
Tuesday, 1st December , 2020 04:49 pmचर्चित फुटबॉलर अफ्शां आशिक की बायोपिक की तैयारी कर रहीं अथिया शेट्टी के पिता सुनील शेट्टी इस बार अपनी बेटी की फिल्म को लेकर पहले से ही सतर्क हैं। वह नहीं चाहते कि अथिया की इस फिल्म 'होप सोलो' के साथ किसी तरह का विवाद जुड़े। उन्हें अपनी बेटी की पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'मोतीचूर चकनाचूर' के दौरान उपजे विवाद पर भी अब जाकर अभिनेता मन की बात कही है।
अभिनेत्री अथिया शेट्टी ने वर्ष 2015 में अभिनेता सूरज पंचोली के साथ फिल्म 'हीरो' से अपने फिल्मी करियर शुरुआत की थी। उसके बाद वह अनिल कपूर और अर्जुन कपूर के साथ फिल्म 'मुबारकां' में नजर आईं। जब पिछले साल नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ उनकी फिल्म 'मोतीचूर चकनाचूर' रिलीज हुई है तो इस फिल्म को विवादों ने घेर लिया। दरअसल, इस फिल्म की निर्देशक देबमित्रा बिस्वाल और इसके निर्माताओं के बीच कुछ रचनात्मक विवादों की वजह से फिल्म कानूनी मामलों में फंस गई।
देबमित्रा का आरोप था कि फिल्म 'मोतीचूर चकनाचूर' के निर्माताओं ने इस फिल्म के साथ उन्हें वह चीज नहीं करने दी, जिसका विचार लेकर उन्होंने इस फिल्म को बनाना शुरू किया था। इसलिए, उन्होंने इस फिल्म से अपना नाम वापस ले लिया और खुद अदालत में चली गईं। अदालत में जाकर उन्होंने गुहार लगाई कि इस फिल्म की रिलीज को फौरन रोक दिया जाए। हालांकि, निर्माता का आरोप आ रहा कि देबमित्रा ने इस फिल्म को बिना प्रोडक्शन हाउस की जानकारी के 32 लाख रुपये में बिहार के एक फिल्म वितरक को बेच दिया था।
इस पूरे मामले पर बात करते हुए सुनील शेट्टी ने बताया है कि इस बात से अथिया बहुत डर गई थीं। वह और भी ज्यादा डर गईं जब खुद उनके पिता का नाम भी इस मामले में आ गया। सुनील ने कहा है कि अथिया के लिए उनके पिता ही सब कुछ हैं। अथिया को पता है कि उन्हें क्या करना है? वह अपने विचारों के मामले में बहुत साफ हैं। फिल्म 'मोतीचूर चकनाचूर' में काम करने के लिए उन्हें बहुत सराहना मिली लेकिन जिस तरह से फिल्म विवादों में आई तो उसने अथिया को डरा दिया। इसमें उनका कोई दोष नहीं था।
सुनील का कहना है कि अथिया कोई भी काम करने से पहले उनसे पूछते हैं और उसके बारे में कई बार सोचती भी हैं। अथिया को पर्दे पर अंतिम बार 'मोतीचूर चकनाचूर' फिल्म में ही देखा गया था। अब उनका नाम फुटबॉलर अफ्शां आशिक की बायोपिक से जुड़ा हुआ है। इसका शीर्षक है 'होप सोलो'। यहां अथिया अफ्शां का ही किरदार निभाते हुए नजर आएंगी।